लूडो खेलने के दौरान यूपी के लड़के से प्यार कर बैठी पाकिस्तानी लड़की, नेपाल के रास्ते बेंगलुरु आकर रचाई शादी

खेल में हार जीत तो लगी रहती है, लेकिन लूडो (LUDO) के ऑनलाइन गेम खेलने के दौरान इश्क का एक मामला सामने आया है। दरअसल, पाकिस्तान (Pakistan) की एक लड़की को गेमिंग ऐप लूडो खेलते वक़्त उत्तर प्रदेश के एक लड़के से प्यार हो गया। उसके बाद लड़की भी बंदिशों को पार कर नेपाल के रास्ते बेंगलुरु पहुंच गई। फिर यहां आकर लड़की ने लड़के से शादी कर ली। उसके बाद जब पुलिस को इसकी जानकारी मिली, तो उसने लड़की को फर्जी दस्तावेज पर भारत आने पर गिरफ्तार कर लिया। इतना ही नहीं लड़के को भी फर्जीवाड़े में साथ देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
जानें क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, मूल रूप से उत्तर प्रदेश मुलायम सिंह यादव 26 साल का है। वह बेंगलुरु की एक निजी कंपनी एचएसआर लेआउट में सुरक्षा कर्मी के तौर पर नौकरी करता है। मुलायम को ऑनलाइन लूडो खेलने का बहुत शौक था। इस गेम के दौरान ही उसका संपर्क पाकिस्तान के हैदराबाद में रहने वाली 19 साल की लड़की इकरा जीवानी (iqra jeevani) से हुआ। इस दौरान दोनों को प्यार हो गया है। उसके बाद मुलायम के कहने पर पाकिस्तानी लड़की सितंबर 2022 में नेपाल के काठमांडू से होते हुए भारत आ गई। फिर दोनों बेंगलुरु के बेलंदूर पुलिस स्टेशन की सीमा क्षेत्र में एक लेबर क्वार्टर में रहने लगे। उसके बाद किसी तरह से इस पूरे मामले की जानकारी पुलिस को मिल गई। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।