
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने रविवार को पटना में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी की रणनीति और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पार्टी की प्रदेश कार्य समिति बैठक में कई निर्णय लिए गए हैं, जिनमें संवैधानिक अधिकारों और परिसीमन सुधार को लेकर जागरूकता अभियान प्रमुख है।
कुशवाहा ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों का परिसीमन संविधान के अनुसार नहीं हुआ है, और इसे सही करने की दिशा में पार्टी निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि पूरे बिहार में घूम-घूमकर यह अभियान चलाना संभव नहीं है, इसलिए अब 5 सितंबर को पटना के मिलर हाई स्कूल मैदान में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें इस मुद्दे पर चर्चा और जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
सोशल मीडिया पोस्ट पर सफाई
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके पुत्र निशांत कुमार को लेकर हाल ही में किए गए सोशल मीडिया पोस्ट पर उठे सवालों पर कुशवाहा ने सफाई दी। उन्होंने कहा, “हमने केवल जदयू कार्यकर्ताओं की भावना को शब्द दिए हैं, भावनाएं उनकी थीं, शब्द मेरे थे।
राजद पर हमला
राजनीतिक मोर्चे पर कुशवाहा ने महागठबंधन और राजद पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “इस बार चुनाव में राजद की दाल नहीं गलने वाली। जनता की शिकायतें हैं लेकिन भरोसा एनडीए पर है। पिछली बार जितनी सीटें राजद को मिली थीं, इस बार वह उसके आसपास भी नहीं पहुंचेगी।उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी एनडीए के 2025 के लक्ष्य को लेकर प्रतिबद्ध है और उसी के अनुसार कार्य कर रही है।